आयुक्त ने की चुनावी तैयारी की समीक्षा

 आयुक्त, मगध प्रमंडल, गया श्री असंगबा चुबा आओ की अध्यक्षता में बिहार विधान सभा आम निर्वाचन 2020 की तैयारी की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने कहा कि निर्वाची पदाधिकारी विधानसभा चुनाव में सबसे महत्वपूर्ण पदाधिकारी हैं। निर्वाची पदाधिकारी को अपनी जिम्मेवारी समझनी होगी। आम निर्वाचन की लगभग सारी जिम्मेवारी निर्वाची पदाधिकारी पर होता है। निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण सफल निर्वाचन सुनिश्चित कराने हेतु निर्वाची पदाधिकारी की अहम भूमिका होती है साथ ही निर्वाचन में ए०आर०ओ की भी महत्वपूर्ण जिम्मेवारी होती है। निर्वाची पदाधिकारी को ए०आर०ओ एसिस्ट करेंगे तथा समय-समय पर भारत निर्वाचन आयोग के महत्वपूर्ण निर्देश एवं निर्वाचन के महत्वपूर्ण कार्यों से अवगत कराएंगे।

Advertisement

आयुक्त ने बताया कि बिहार की इस निर्वाचन में नए तरीके के ईवीएम का प्रयोग होने जा रहा है। अतः ईवीएम वीवीपैट की हैंड्स ऑन ट्रेनिंग सभी आर०ओ एवं ए०आर०ओ भली-भांति ले ले, ताकि नए ईवीएम के प्रोसेस एवं फंक्शन से भलीभांति अवगत हो सके। उन्होंने बताया कि इस नए ईवीएम के कंट्रोल यूनिट के लुक एवं फंक्शन में भी तब्दीली की गई है तथा वॉलेट यूनिट में भी कुछ बदलाव किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जो निर्वाची पदाधिकारी पहली बार बने हैं उन्हें अधिक मेहनत करने की जरूरत है तथा निर्वाचन आयोग द्वारा निर्गत सभी पत्रों एवं अनुदेशकों को भलीभांति पढ़ना आवश्यक है।

आयुक्त ने महिलाओं के मतदान प्रतिशत बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस निर्वाचन में महिलाओं, 18 से 19 वर्ष एवं इससे ऊपर के युवा वर्ग, दिव्यांग मतदाता पर विशेष फोकस किया गया है। हमें इन मतदाताओं को प्रेरित करके मतदान हेतु मतदान केंद्र तक लाने में सफल होना होगा। उन्होंने जेंडर रेशियो/ एपिक रेशियो में संतुलन बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने टिकारी अनुमंडल पदाधिकारी एवं निर्वाची पदाधिकारी, शहरी क्षेत्र में जेंडर रेशियो पर ध्यान देने को कहा।

आयुक्त द्वारा निर्वाचन से संबंधित जिन कोषांगों के कार्यों की बारीकी से समीक्षा की गई उनमे वाहन कोषांग, मतदान कर्मियों की उपलब्धता, स्वीप कोषांग, कोविड-19 के नॉर्म्स एवं प्रोटोकॉल, विधि व्यवस्था, नक्सलवाद एवं उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र के मतदान केंद्रों की स्थिति, भेद्यता मानचित्र की समीक्षा, ईवीएम वीवीपैट की स्थिति सहित अन्य कोषांगों की समीक्षा शामिल है।

उन्होंने अवैध शराब की जब्ती एवं इसके विनष्टीकरण, औचक छापेमारी में तेजी लाने, शत प्रतिशत शस्त्र सत्यापन कराने, अवांछित/ असामाजिक तत्वों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करने संबंधी आवश्यक निर्देश दिया।

उन्होंने सभी कोषांग के वरीय पदाधिकारी एवं नोडल पदाधिकारी को निर्देश दिया कि आप निर्वाचन संबंधी परिस्थितियों के मद्देनजर सभी कार्य करने हेतु पूरी तरह तैयार रहें। आपको जो जिम्मेवारी दी गई है उसका निर्वाहन सफलतापूर्वक करते हुए भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देश का अनुपालन सुनिश्चित करें।

बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी गया श्री अभिषेक सिंह द्वारा आयुक्त मगध प्रमंडल गया, पुलिस महा निरीक्षक मगध प्रक्षेत्र श्री राकेश राठी का स्वागत करते हुए निर्वाचन से संबंधित महत्वपूर्ण कोषांगों के कार्यो एवं उसकी तैयारी के बारे में आयुक्त को विस्तार से बताया। उन्होंने बताया कि विधानसभा आम निर्वाचन के तहत कोविड-19 को ध्यान में रखते हुए सभी कार्यक्रम तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर मास्क, सैनिटाइजर एवं मतदाताओं तथा मतदान कर्मियों के बीच 2 गज की दूरी सुनिश्चित करने की तैयारी की जा रही है।

उन्होंने बताया कि इस चुनाव में पोस्टल वैलेट पेपर हेतु विशेष व्यवस्था की जा रही है साथ ही इस कार्य हेतु अलग से पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की जा रही है। उन्होंने बताया कि पूरे जिले में मतदाताओं को आश्वस्त किया जा रहा है कि जिला प्रशासन द्वारा मतदान केंद्र पर कोविड-19 से बचाव एवं सुरक्षा हेतु पूरी सुरक्षा दी जाएगी। इससे स्वीप गतिविधि के तहत मतदाता जागरूकता कार्यक्रम अभियान में जोड़ा जा रहा है साथ ही जिन मतदान केंद्रों पर पूर्व के चुनाव में कम मतदान हुए हैं उस संबंधित मतदान केंद्र के आसपास मतदाता जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर एएनएम /आशा कार्यकर्ता / आंगनवाड़ी सेविका सहायिका के माध्यम से कोविड-19 के तहत सुरक्षा एवं बचाव के कार्य करने हेतु कार्यक्रम तैयार किए जा रहे हैं।

बैठक में उपस्थित पुलिस महा निरीक्षक श्री राकेश राठी, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री राजीव मिश्रा, सहायक समाहर्ता श्री सौरभ सुमन यादव, अपर समाहर्ता श्री मनोज कुमार, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री नौशाद आलम, उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी सहित सभी कोषांगों के नोडल पदाधिकारी एवं वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Comment

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!