गया : जिला पदाधिकारी श्री अभिषेक सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय सभा कक्ष में धान अधिप्राप्ति की समीक्षा बैठक की गई। खरीफ विपणन वर्ष 2020- 21 में धान अधिप्राप्ति हेतु आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्य रूप से अधिप्राप्ति हेतु निर्गत अधिसूचना पर चर्चा, पैक्स/ व्यापारमंडल के चयन पर विचार, मिल निबंधन एवं सत्यापन पर चर्चा, पैक्स/ व्यापारमंडल से सीएमआर हेतु राइस मिल संबद्ध पर चर्चा, सीएमआर केंद्र से संबंधित चर्चा, प्रति एकड़ धान अधिप्राप्ति के मात्रा के निर्धारण पर विचार विमर्श, संभावित पंचायतवार/ प्रखंडवार धान उत्पादन की संभावित मात्रा के अनुरूप लक्ष्य निर्धारण पर विचार विमर्श किया गया।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने खरीफ विपणन वर्ष 2020- 21 में विभागीय पोर्टल पर पंजीकृत किसानों से सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य ₹1868 प्रति क्विंटल की दर से धान क्रय हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए। जिला पदाधिकारी द्वारा मिलो का निबंधन व सत्यापन कार्य पर यथाशीघ्र कर लेने एवं सीएमआर प्राप्ति केंद्रों को सक्रिय करने का निर्देश दिया गया। किसानों से भूमि संबंधी दस्तावेज में अद्यतन 2019- 20 तक की मालगुजारी रसीद/ भूस्वामी प्रमाण पत्र होना चाहिए। उन्होंने बताया कि ₹1868 प्रति क्विंटल की दर विभाग द्वारा निर्धारित किया गया है। भूमि संबंधी दस्तावेज अद्यतन 2019 -20 का होना अनिवार्य है। मिलो का निबंधन एवं सत्यापन यथाशीघ्र 30 नवंबर 2020 तक पूर्ण करें। किसानों का निबंधन 3044 तथा 449 सत्यापित किया गया है। जिला पदाधिकारी ने किसानों का निबंधन में तेजी लाने का सख्त निर्देश दिए। जिला पदाधिकारी ने पैक्सों को निर्देश दिया कि समिति के क्रय केंद्रों पर दीवार लेखन एवं बैनर लगवाना सुनिश्चित करें। बैठक में बताया गया कि 255 पैक्स /व्यापार मंडल का चयन जिन्हें क्रय करने हेतु नियम सांकेतिक लक्ष्य दिया गया है।
➖AnjNewsMedia


