गया में चुनावी विधि व्यवस्था

 गया :  जिला पदाधिकारी श्री अभिषेक सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय सभा कक्ष में बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2020 के मद्देनजर विधि व्यवस्था की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

Advertisement

   बैठक में मुख्य रूप से बरामद अवैध शराब का विनष्टीकरण, निरोधात्मक कार्रवाई, वाहन चेकिंग एवं अपराधियों पर अंकुश लगाने हेतु चेक पोस्ट का निर्माण, भेद्यता मानचित्र, शस्त्रों का भौतिक सत्यापन, निर्वाचन की घोषणा के पश्चात जिले में आदर्श आचार संहिता का सख्ती से अनुपालन, सार्वजनिक संपत्ति विरूपण अधिनियम की समीक्षा, राजनैतिक दलों द्वारा रैली, मीटिंग, रोड शो इत्यादि संबंधी विषयों पर विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए।

  बैठक में अवैध उत्पाद शराबों की विनष्टीकरण में तेजी लाने का निर्देश जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा दिया गया।

   वरीय पुलिस अधीक्षक श्री राजीव मिश्रा ने बैठक में सहायक उत्पाद आयुक्त एवं थानाध्यक्ष को निर्देश दिया कि जब्त अवैध शराब के विनष्टीकरण का प्रस्ताव भेजने में शीघ्रता करें। जिनका प्रस्ताव प्राप्त हो गया है उन उत्पाद पदार्थों का विनष्टीकरण रविवार को किया जाए।

बैठक में असामाजिक, अपराधिक तथा गुंडा तत्वों पर निरोधात्मक कार्रवाई के संबंध में पुलिस अधीक्षक द्वारा थानाध्यक्ष को निर्देश दिया गया। अब तक 16485 व्यक्तियों पर 107 का प्रस्ताव प्राप्त है। 5875 लोगों पर बॉण्ड डाउन कराया गया है तथा 626 लाइसेंसी आर्म्स जमा कराए गए हैं। 

   जिला पदाधिकारी तथा वरीय पुलिस अधीक्षक  ने निर्देश दिया कि जिन्होंने अब तक अपने शस्त्र का सत्यापन नहीं कराया है उनके शस्त्रों को जमा कराने तथा लाइसेंस को निलंबित करने का निर्देश सभी थानाध्यक्षों एवं शस्त्र प्रभारी पदाधिकारी को दिया गया।

  सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया गया कि थाने के सामने चेक पोस्ट बनाकर वाहनों का गहन चेकिंग करावे। जिले में 11 चेकपोस्ट बनाए गए हैं, वहां भी वाहनों का औचक चेकिंग करावे।

बैठक में बताया गया कि राजनैतिक दलों/ अभ्यर्थियों को रैली करने, बैठक करने अथवा रोड शो करने हेतु अनुमति लेना आवश्यक है।

   जिला पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रेस नोट जारी होने के साथ ही संपूर्ण जिले में आदर्श आचार संहिता लागू है इसका अनुपालन दृढ़ता के साथ कराया जाएगा।

बैठक में उप विकास आयुक्त श्री सुमन कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक श्री राकेश कुमार, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री नरेश झा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी भूमि सुधार उप समाहर्ता, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक विधि व्यवस्था, नगर पुलिस उपाधीक्षक सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

➖AnjNewsMedia➖

Leave a Comment

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!