गया : जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी अभिषेक सिंह द्वारा बिहार विधान सभा आम निर्वाचन 2020 से संबंधित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग द्वारा जिले के सभी निर्वाची पदाधिकारी, सहायक निर्वाची पदाधिकारी, ई०आर०ओ०, ए०आर०ओ०, प्रखंड विकास पदाधिकारी के साथ बैठक करते हुए निर्वाचन संबंधी महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य रूप से कल 13 सितंबर 2020 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप का आयोजन कर अधिक से अधिक मतदाताओं को अपना नाम निर्वाचक सूची में दर्ज करने हेतु सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है। साथ ही प्रखंड स्तर पर अधिक से अधिक प्रचार कर लोगों को निर्वाचक सूची में अपना नाम दर्ज कराने हेतु व्यापक रूप से प्रेरित करने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रवासी मजदूर जो लगभग 80 हजार की संख्या में बाहर से आए हैं, उनका नाम निर्वाचक सूची में दर्ज हो, यह सुनिश्चित किया जाए। अब तक काफी कम संख्या में प्रवासी मजदूरों का नाम दर्ज किया गया है। इसमें तेजी से निर्वाचक सूची में नाम दर्ज कराएं।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा दिव्यांग मतदाताओं का नाम को अधिक से अधिक नाम जोड़ने हेतु प्रचार प्रसार करने को कहा। उन्होंने कहा कि बहुत सारे विधानसभा में 1% से कम दिव्यांगों का नाम जोड़ा गया है, इसे हर हाल में बढ़ाने का निर्देश दिया। साथ ही महिला मतदाताओं का नाम निर्वाचक सूची में दर्ज कराने हेतु अभियान चलाने का निर्देश दिया। बैठक में मूलभूत सुविधा सुनिश्चित कराने हेतु विशेषकर 1322 सहायक मतदान केंद्र पर ए०एम०एफ० की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी द्वारा बताया गया कि महिला, पुरुष एवं दिव्यांग मतदाताओं का अलग-अलग शेड की व्यवस्था की जाएगी। जिलाधिकारी द्वारा सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया कि जिले में 100 वर्ष से अधिक उम्र वाले व्यक्ति जो 424 मतदाता है, जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया कि यह सुनिश्चित करें कि सभी मतदाता जीवित हैं एवं संबंधित व्यक्तियों का प्रतिवेदन सोमवार तक उपलब्ध कराने निर्देश दिया।
प्रखंड स्तर पर ईवीएम एवं वीवीपैट की हैंड्स ऑन ट्रेनिंग देने का निर्देश निर्वाचन कोषांग एवं स्वीप कोषांग को दिया गया। बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि नॉमिनेशन के कार्य में अनुमति लेने हेतु सिंगल विंडो सिस्टम की व्यवस्था आ०रो० स्तर पर की जाएगी।
बैठक में उपस्थित नगर आयुक्त, गया नगर निगम सावन कुमार, उप विकास आयुक्त सुमन कुमार, सहायक समाहर्ता सौरभ सुमन यादव, अपर समाहर्ता मनोज कुमार, निदेशक डीआरडीए संतोष कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला भू अर्जन पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी भूमि सुधार उप समाहर्ता, सभी कोषांगों के वरीय पदाधिकारी /नोडल पदाधिकारी, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रखंडों के निर्वाचन से जुड़े संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।