आगामी बिहार विधान सभा चुनाव 2020 हेतु गया जिला के लोगो(Logo) का अनावरण ज़िला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी अभिषेक सिंह द्वारा किया गया।
इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी ने कहा कि बिहार विधान सभा आम निर्वाचन 2020 के मद्देनजर ज्यादा से ज्यादा मतदाता की भागीदारी सुनिश्चित हो यह आवश्यक है। मतदाता मतदान के प्रति जागरूक रहे और बढ़-चढ़कर मतदान में हिस्सा ले। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा दिए गए निर्देश के आलोक में जिला प्रशासन गया द्वारा कोविड19 के बचाव एवं सुरक्षा हेतु सभी मतदान केंद्रों पर पूरी व्यवस्था की जा रही है। स्वीप कोषांग के द्वारा गया ज़िला के लिए एक स्वीप लोगो(logo) तैयार किया गया है, जिसका आज लोकार्पण किया गया। ये लोगो(logo) स्वीप के सभी गतिविधियों में इस्तेमाल किया जाएगा। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने गयावासियों से अपील किया है कि जो मतदाता अभीतक मतदाता सूची में नाम नहीं जुड़वाएं हैं, इसके लिए प्रत्येक रविवार को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैम्प का आयोजन किया जाता है। साथ ही सभी प्रखंडों में सप्ताह के सातों दिन हेल्प डेस्क काउंटर लगाया गया है, जहां आप फॉर्म 06, 07, 08 एवं 08 क जमा कर सकते हैं। यदि आपका नाम पहले से ही मतदाता सूची में दर्ज है तो आप निर्भीक होकर अपने मत का प्रयोग करें और लोकतंत्र के सबसे बड़े उत्सव का हिस्सा बने।
इस अवसर पर लोकार्पण में उपस्थित वरीय पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा, नगर आयुक्त गया नगर निगम सावन कुमार, उप विकास आयुक्त सुमन कुमार, सहायक समाहर्ता सौरभ सुमन यादव, अपर समाहर्ता मनोज कुमार, निदेशक डीआरडीए संतोष कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी शंभूनाथ झा, उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी थे।
Good News