गया : मगध प्रमंडल के पांच जिलों के 26 विधानसभा क्षेत्रों में बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2020 के अवसर पर मतदान 28 अक्टूबर, 2020 एवं मतगणना 10 नवम्बर, 2020 को निर्धारित है। मगध प्रमंडल गया के संबंधित जिले यथा गया, औरंगाबाद एवं नवादा जिलों की सीमा से झारखंड राज्य के पलामू, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा एवं गिरिडीह जिला लगती है। औरंगाबाद, गया एवं नवादा जिलों में आसन्न बिहार विधान सभा आम निर्वाचन 2020 के परिपेक्ष्य में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, स्वच्छ एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने, विधि व्यवस्था संधारण एवं निर्वाचन संबंधी महत्वपूर्ण बिंदुओं एव अग्रिम कार्ययोजना पर विचार-विमर्श हेतु दिनांक 30.09.2020 को पूर्वाह्न 11ः30 बजे से बोधगया में बिहार एवं झारखंड राज्य के वरिष्ठ पदाधिकारियों के बीच अंतरराज्यीय बैठक आयोजित की जाएगी,
Advertisement
जिसमें प्रमंडलीय आयुक्त पलामू एवं उत्तरी छोटानागपुर (हजारीबाग), डीआईजी पलामू एवं उत्तरी छोटानागपुर (हजारीबाग), पलामू, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा एवं गिरिडीह के उपायुक्त तथा वरीय पुलिस अधीक्षक के साथ-साथ गया, नवादा एवं औरंगाबाद के जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक भाग लेंगे।
बैठक में मुख्य रूप से प्रमंडल स्तर पर कम्युनिकेशन प्लान, विधि व्यवस्था संधारण हेतु अंतरराज्यीय अभियान, जिलों की सीमा पर चेकपोस्ट का निर्माण, अंतरराज्यीय स्तर पर नगद राशि, शराब, अस्त्र-शस्त्र, आग्न्यास्त्र इत्यादि की आवाजाही, बॉर्डर डिस्ट्रिक्ट से आसूचनाओं का आदान प्रदान, मतदान के 48 घंटे पूर्व बॉर्डर सीलिंग की कार्रवाई, संबंधित जिले के पुलिस अधीक्षक एवं थाना अध्यक्ष के साथ बॉर्डर मीटिंग तथा कोविड-19 प्रबंधन पर विचार विमर्श किया जाएगा।
विदित हो कि औरंगाबाद जिले की सीमा झारखंड राज्य के पलामू जिले से, गया जिले की सीमा चतरा तथा हजारीबाग से एवं नवादा जिले की सीमा कोडरमा एवं गिरिडीह जिले से लगती है, जिस पर निर्वाचन के दौरान विधि व्यवस्था संधारण हेतु इन जिलों के वरीय पदाधिकारियों द्वारा समन्वय स्थापित करने हेतु बैठक आयोजित की जा रही है।