गया : बिहार विधान सभा आम निर्वाचन 2020 के अवसर पर मतदान कर्मियों का प्रशिक्षण आज 2 अक्टूबर से प्रारंभ होकर 9 अक्टूबर 2020 तक आयोजित किया जाएगा। मतदान प्रक्रिया के त्रुटि रहित एवं स्वच्छ संचालन हेतु मतदान कर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया।
आज के प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य रूप से पीठासीन पदाधिकारी एवं प्रथम मतदान पदाधिकारी उपस्थित थे। प्रशिक्षण कार्यक्रम गया कॉलेज गया, अनुग्रह मेमोरियल कॉलेज एवं मिर्जा गालिब कॉलेज (महिला) में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण दो पाली यथा पूर्वाहन 10:00 बजे से 12:30 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 1:30 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक दिया गया।
प्रशिक्षण में मुख्य रूप से मतदान केंद्रों पर कोविड-19 प्रबंधन, मूलभूत सुविधा, ईवीएम वीवीपैट की हैंड्स ऑन ट्रेनिंग, पोस्टल बैलट पेपर की सुविधा एवं मतदान प्रक्रिया की तकनीकी के विषय पर दिया गया।
प्रशिक्षण में मतदान कर्मियों को बताया गया कि कोविड-19 संक्रमण के कारण मतदान कर्मियों एवं मतदान करने आए मतदाताओं के बचाव एवं सुरक्षा हेतु मतदान केंद्र पर पूरी व्यवस्था है। मतदान केंद्रों पर मास्क की व्यवस्था, सैनिटाइजर की व्यवस्था तथा सामाजिक दूरी के अनुपालन हेतु 2 गज की दूरी पर खड़े होने के लिये घेरे( मार्किंग) की व्यवस्था की जाएगी ताकि हमारे मतदान कर्मी एवं मतदातागण कोरोना संक्रमण से पूरी तरह सुरक्षित रहें। मतदान के 1 दिन पूर्व सभी मतदान केंद्रों को सैनिटाइज किया जाएगा।
प्रशिक्षण में मतदान कर्मियों को बताया गया कि मतदान प्रक्रिया को बिना किसी घबराहट के त्रुटि रहित संपन्न कराना है। ईवीएम तथा वीवीपैट की अच्छी तरह हैंड्स ऑन ट्रेनिंग की हिदायत दी गई ताकि मतदान के समय हल्की गड़बड़ी होने पर उसे ठीक किया जा सके साथ ही मतदान के पूर्व मॉक पॉल के संबंध में भी विस्तार से बताया गया। मतदान कर्मियों को प्रशिक्षण मास्टर ट्रेनर द्वारा दिया गया।
इस अवसर पर प्रशिक्षण कोषांग के वरीय पदाधिकारी गण उपस्थित थे।
➖AnjNewsMedia
