बिहार विधान सभा आम निर्वाचन 2020 के अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी गया श्री अभिषेक सिंह की अध्यक्षता में नामांकन कोषांग के पदाधिकारी एवं कर्मियों का प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन जिला परिषद सभागार में किया गया।
प्रशिक्षण सह कार्यशाला में बताया गया कि अभ्यर्थियों द्वारा नामांकन पत्र की जांच निर्वाची पदाधिकारी द्वारा भली-भांति करने तथा, अभ्यर्थी द्वारा फॉर्म 26 पूरी तरह भरे होने तथा नामांकन के पश्चात शपथ लेना अनिवार्य है। प्रशिक्षण सह कार्यशाला में बताया गया कि नामांकन प्रक्रिया में समय का काफी महत्व है। पूर्वाहन 11:00 बजे से अपराहन 3:00 बजे तक नामांकन की अवधि निर्धारित है, जिसका अनुपालन दृढ़ता से किया जाना है। प्रशिक्षण सह कार्यशाला में नामांकन के समय अभ्यर्थियों से ली जाने वाली प्रपत्रों के बारे में विस्तार से बताया गया तथा उसकी जांच बारीकी से करने का निर्देश दिया गया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी द्वारा प्रशिक्षण सह कार्यशाला में उपस्थित निर्वाची पदाधिकारी, संबंधित पदाधिकारी, जिले के वरीय पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि नामांकन प्रक्रिया में निर्वाची पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाची पदाधिकारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। निर्वाची पदाधिकारी को नामांकन प्रक्रिया, स्क्रूटनी एवं मतगणना में महती जिम्मेवारी भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दी गई है। उन्होंने सभी निर्वाची पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाची पदाधिकारी को निर्देश दिया कि नामांकन प्रक्रिया के प्रत्येक महत्वपूर्ण बिंदुओं को अच्छी तरह समझ लें। नामांकन के पूर्व मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के साथ सभी निर्वाची पदाधिकारी बैठक कर उन्हें नामांकन प्रक्रिया के बारे में अच्छी तरह अवगत करा दें। नामांकन में समय का महत्व तथा अभ्यर्थियों का हस्ताक्षर के महत्व को विस्तार से बताया साथ ही कोविड-19 के प्रोटोकॉल का अच्छी तरह अनुपालन करने का भी निर्देश दिया। नामांकन प्रक्रिया में नामांकन पत्रों की जांच एवं गलत नामांकन पत्र भरे होने के कारण अभ्यर्थियों की अयोग्यता घोषित करने के बारे में विस्तार से बताया। पूरे नामांकन प्रोसेस की वीडियोग्राफी कराने का निर्देश दिया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी निर्वाची पदाधिकारी को कहा कि नाम निर्देशन में काम करने वाले सभी टीम को संतुलित एवं अनुभवी होना चाहिए, जो कार्य के प्रति संवेदनशील हो। साथ ही नामांकन के समय विधि व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था का संधारण होना भी आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि कोविड-19 के कारण नामांकन प्रक्रिया में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा कुछ परिवर्तन किए गए हैं उसे अच्छी तरह समझ लेने की आवश्यकता है साथ ही 80 वर्ष से ऊपर के मतदाताओं एवं दिव्यांग मतदाताओं के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दी गई सुविधाओं की जानकारी भी प्राप्त करना आवश्यक है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने पोस्टल बैलट पेपर के उपयोग के बारे में अच्छी तरह जानकारी देते हुए कहा कि इस चुनाव में पोस्टल बैलट पेपर कोषांग को काफी जिम्मेवारी के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने सभी निर्वाची पदाधिकारी को निर्देश दिया कि अपने-अपने विधानसभा स्तर पर स्वीप गतिविधि को अच्छी तरह चलाना आवश्यक है। वैसे हर मतदान केंद्र पर जहां का मतदान प्रतिशत कम है, वहां के कमी को ढूंढना होगा तथा वहां स्वीप गतिविधि को अच्छी तरह चलाना होगा ताकि महिला मतदाता एवं युवा मतदाता को मतदान हेतु अच्छी तरह प्रेरित किया जा सके।
नामांकन से संबंधित प्रशिक्षण सह कार्यशाला में उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी गया श्री नौशाद आलम द्वारा नामांकन प्रक्रिया के प्रत्येक महत्वपूर्ण बातों को अच्छी तरह बताया गया। प्रशिक्षण सह कार्यशाला में उप विकास आयुक्त श्री सुमन कुमार, अपर समाहर्ता श्री मनोज कुमार, अपर समाहर्ता विभागीय जांच पदाधिकारी, निदेशक डीआरडीए श्री संतोष कुमार, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी भूमि सुधार उप समाहर्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, सभी निर्वाची पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी सहायक निर्वाची पदाधिकारी सहित नामांकन कोषांग के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
