जिले में बना 12 परीक्षा केंद्र
गया : नीट परीक्षा को कदाचार मुक्त एवं सफल संचालन हेतु समाहरणालय सभाकक्ष में जिला दंडाधिकारी श्री अभिषेक सिंह की अध्यक्षता में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, उड़नदस्ता दल दंडाधिकारी एवं सभी परीक्षा सेंटर के केंद्राधीक्षक के साथ ब्रीफिंग की गई। ब्रीफिंग में जिला दंडाधिकारी ने बताया कि 13 सितंबर 2020 को अपराहन 2:00 बजे से 5:00 बजे तक कुल 12 परीक्षा केंद्रों में नीट यूजी 2020 परीक्षा आयोजित किया जाएगा। इस परीक्षा में कुल 5459 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा केंद्र जिनमें सिटी पब्लिक स्कूल मानपुर, क्रेन मेमोरियल हाई स्कूल कटारी हिल, डीएवी पब्लिक स्कूल एटिगेट चेरकी रोड, डीएवी पब्लिक स्कूल मानपुर कईया, ग्रीन फील्ड इंग्लिश स्कूल मानपुर गया फतेहपुर रोड, ज्ञान भारती पब्लिक स्कूल पहाड़पुर कैंट एरिया, केंद्रीय विद्यालय नंबर 2 ओटीए पहाड़पुर कैंट एरिया, मानव भारती नेशनल स्कूल नियर गवर्नमेंट आईटीआई बोधगया रोड, ऑक्सब्रिज इंटरनेशनल स्कूल वजीरगंज गया, डी०पी० सरस्वती विद्या मंदिर केशव नगर गया, दिल्ली पब्लिक स्कूल दुबहल चांद चौरा, डीएवी पब्लिक स्कूल कैंटोनमेंट एरिया नियर गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा शामिल है।
उन्होंने कहा कि उक्त परीक्षा के अवसर पर स्वच्छ एवं कदाचार मुक्त परीक्षा संचालन तथा विधि व्यवस्था संधारण हेतु परीक्षा केंद्र पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा केंद्र पर उपस्थित रहकर स्वच्छ एवं कदाचार मुक्त परीक्षा संचालन कराना तथा विधि व्यवस्था का संधारण करना सुनिश्चित करेंगे। मुख्य प्रवेश गेट पर ही पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल तथा प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी द्वारा 12:00 बजे मध्याहन से परीक्षार्थियों को चेकिंग हेतु उपस्थित रहकर परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की गहन फ्रिस्किंग कार्य करेंगे। महिला परीक्षार्थियों का फ्रिस्किंग कार्य महिला दंडाधिकारी एवं महिला पुलिस बल द्वारा किया जाएगा साथ ही कोविड-19 के मद्देनजर सोशल डिस्टेंसिंग एवं मास्क का प्रयोग का अनुपालन सुनिश्चित कराएंगे।
जिलाधिकारी ने पुलिस उपाधीक्षक यातायात गया को निर्देश दिया कि उपर्युक्त परीक्षा के अवसर पर परीक्षार्थियों की बड़ी संख्या में गया शहर में आने के दृष्टिगत रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, सिकरिया मोड़, मुफस्सिल, पंचायती अखाड़ा एवं सरकारी बस डिपो तथा अन्य उपर्युक्त स्थलों प्रमुख चौक चौराहों पर भीड़ को नियंत्रित करने हेतु पर्याप्त संख्या में यातायात पुलिस की प्रतिनियुक्ति करेंगे। उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी सदर एवं जिला परिवहन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि उक्त अवधि में यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने हेतु वाहनों के आवागमन के मार्ग को निर्धारित करेंगे।
जिलाधिकारी ने सभी सेंटर सुपरिटेंडेंट को निर्देश दिया कि कोविड-19 के कारण परीक्षा केंद्रों पर भीड़ ना लगे इसके लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्रों पर तीन से चार लाइन लगाया जाय, ताकि भीड़ ना बने। सभी परीक्षार्थी सामाजिक दूरी का पालन करे इसके लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों को लाइन में खड़े रहने के लिए मार्किंग करवाया जाय।
उन्होंने कहा कि इस परीक्षा में सभी परीक्षार्थियों को मेटल डिटेक्टर मशीन से फ्रिस्किंग किया जाएगा। सभी परीक्षार्थी मास्क एवं ग्लब्स पहनकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश करेंगे। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थी अपने साथ वाटर बोतल, सैनिटाइजर, ग्लब्स एवं मास्क लेकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि एक बेंच पर अधिकतम दो ही परीक्षार्थी बैठेंगे यह सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा ड्यूटी में जो भी कार्य करेंगे मास्क, ग्लब्स एवं आई कार्ड पहनकर ड्यूटी करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों के गेट पर स्टैंड सैनिटाइजर रखा जाए। साथ में सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त इंफ्रारेड थर्मामीटर उपलब्ध रहे, ताकि शत प्रतिशत परीक्षार्थियों का बॉडी टेंपरेचर मापा जाए। यदि किसी परीक्षार्थी को बुखार या बीमारी है तो उन्हें परीक्षा केंद्र में एक अलग कमरे में बैठा कर परीक्षा लिया जाए। परीक्षा प्रारंभ होने के पूर्व क्लास रूम को सैनेटाइज कराया जाए। सभी परीक्षा केंद्रों के शौचालय एवं टॉयलेट की साफ सफाई की जाए।
उन्होंने सभी सेंटर सुपरिटेंडेंट को निर्देश दिया कि सेंटर सुपरिटेंडेंट के अलावा किसी भी अन्य व्यक्ति का मोबाइल फोन परीक्षा के समय में चालू नहीं रहेगा, इसे शत प्रतिशत अनुपालन कराया जाए। उन्होंने कहा कि कोविड-19 वैश्विक महामारी के कारण केंद्र सरकार एवं स्वास्थ्य विभाग के गाइडलाइंस का अक्षरशः अनुपालन कराया जाए। उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा मेडिकल टीम मुहैया कराया जा रहा है। सभी दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी 13 सितंबर परीक्षा के दिन सुबह 10:30 बजे रिपोर्टिंग करेंगे। उन्होंने सभी दंडाधिकारी को निर्देश दिया कि परीक्षा समाप्ति के बाद परीक्षार्थियों का जमावड़ा ना लगे इसके लिए भी अलग से व्यवस्था रखी जाए। ब्रीफिंग में नगर पुलिस अधीक्षक श्री राकेश कुमार, नगर आयुक्त गया नगर निगम श्री सावन कुमार, अपर समाहर्ता श्री मनोज कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।