जिलास्तरीय साइकिल रैली

बिहार विधानसभा आम निर्वाचन, 2020 के अवसर पर मतदाताओं को जागरूक करने एवं उन्हें मतदान के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से स्वीप गतिविधि के अंतर्गत जिला स्तरीय साइकिल रैली का आयोजन किया गया, जिसका उद्घाटन हरी झंडी दिखाकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी, गया श्री अभिषेक सिंह एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, गया श्री राजीव मिश्रा द्वारा संयुक्त रुप से किया गया।

Advertisement

जिला स्तरीय साइकिल रैली में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक एवं जिले के वरीय पदाधिकारी, शिक्षकों, नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवक सहित आम जन द्वारा साइकिल रैली के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि लोकतंत्र को मजबूत करने हेतु अधिक से अधिक मतदान करना आवश्यक है। साइकिल रैली के माध्यम से जिला के मतदाताओं को यह संदेश देने का प्रयास किया गया है कि आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन, 2020 में मतदाता मतदान केंद्र पर जाकर मतदान करें, एक भी मतदाता घर पर न रहे। 

साइकिल रैली गया के टावर चौक से प्रारंभ होकर गांधी मैदान में समाप्त हुआ। गांधी मैदान में साइकिल रैली के प्रतिभागियों के माध्यम से जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी ने जिले के मतदाताओं से अपील किया कि वे लोकतंत्र को और मजबूत बनाने हेतु स्वच्छ, निर्भिक, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान करें।

मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी, गया श्री अभिषेक सिंह ने जिले के मतदाताओं से कहा कि आप निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं स्वच्छ मतदान करें। घर बैठकर अपने मत को बर्बाद न करें। यदि आप अपने मत का प्रयोग नहीं करते हैं, तो व्यवस्था पर उंगली उठाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं बनता है। आप बिना किसी प्रभाव एवं प्रलोभन में आए और अपना मतदान करें, यह आपका संवैधानिक अधिकार है, इसे अवश्य निभाए। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी ने लोगों से कहा कि जिस प्रकार आप सुबह टहलने बाहर निकलते हैं, उसी प्रकार मतदान के दिन आप मतदान करने मतदान केंद्र पर अवश्य जाएं।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी ने शहरी क्षेत्र के मतदाताओं से विशेष अनुरोध किया कि आप मतदान के दिन अपने मतदान केंद्र पर जाकर मतदान अवश्य करें। आप आलस्यवश अपने घर में बैठकर अपने मत को बर्बाद न करें। मतदान केंद्र पर जाकर अपना बहुमूल्य मत का प्रयोग करें। 

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि जिस प्रकार आप बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, राशन की दुकान पर खड़े रहते हैं, उसी प्रकार एक दिन मतदान के लिए पंक्ति में खड़े होकर अपना मत का प्रयोग करें। उन्होंने बताया कि मतदान प्रक्रिया में काफी सुधार हुआ है। अतः मतदान हेतु अधिक समय तक लाइन लगने की जरूरत नहीं होगी। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा कोविड-19 के बचाव व सुरक्षा हेतु सभी व्यवस्थाएं की जाएंगी। मतदान केंद्रों पर सभी मतदाताओं को मास्क लगाकर आने का निर्देश दिया गया है। साथ ही मतदान केंद्रों पर सैनिटाइजर व्यवस्था होगी, सामाजिक दूरी का ख्याल रखते हुए लाइन लगाई जाएगी। जो कोरोना से संक्रमित व्यक्ति हैं उन्हें *पोस्टल बैलट पेपर* के माध्यम से अंत में मतदान करने का अवसर दिया जाएगा। *साथ ही जो 80 वर्ष से अधिक आयु के मतदाता हैं, उन्हें भी पोस्टल बैलट पेपर के माध्यम से मतदान करने की सुविधा दी जाएगी।* उन्होंने कहा कि दिव्यांग मतदाता के लिए मतदान केंद्र पर रैंप एवं ट्राईसाइकिल की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील किया कि वैसे व्यक्ति जो योग्य मतदाता की अहर्ता रखते हैं यदि उनका नाम अभी भी निर्वाचक सूची में दर्ज नहीं है, तो वे प्रपत्र 6 भरकर अपने बी०एल०ओ० के पास जमा कर सकते हैं। इस फार्म को ऑनलाइन भी भरा जा सकता है। साथ ही प्रत्येक रविवार को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप का आयोजन किया जाता है। मतदाता विशेष कैंप का लाभ उठाकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं, नाम एवं पते में संशोधन तथा एक मतदान केंद्र से दूसरे मतदान केंद्र स्थानांतरित भी करवा सकते हैं। 

मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, गया श्री राजीव मिश्रा ने मतदाताओं को आह्वान किया कि जिन मतदाताओं का अब तक निर्वाचक सूची में नाम नहीं जुड़ा है, वह अपना नाम अवश्य जुड़ावें। इस कार्य हेतु प्रपत्र 06 भरकर निर्वाचन कार्यालय, प्रखंड कार्यालय, अनुमंडल कार्यालय एवं प्रत्येक रविवार को अपने संबंधित मतदान केंद्र पर जाकर बीएलओ के माध्यम से जुड़वाएं। लोकतंत्र की पवित्रता एवं मजबूती के लिए हम सभी को मतदान करना आवश्यक है। 

गांधी मैदान में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में आगत अतिथियों का स्वागत करते हुए वरीय पदाधिकारी, जिला स्वीप कोषांग सह सहायक समाहर्ता, गया श्री सौरभ सुमन यादव ने बताया कि लगभग दो माह तक गया जिले में मतदाता जागरूकता संबंधी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें आप सब बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। साथ ही लोगों को प्रेरित करें कि वे अधिक से अधिक मतदान करें। उन्होंने बताया कि जिले के सभी अनुमंडल एवं प्रखंड में साइकिल रैली का आयोजन किया जाएगा, जो 31 अक्टूबर, 2020 तक चलेगा।

नोडल पदाधिकारी जिला स्वीप कोषांग सह जिला जन-संपर्क पदाधिकारी, गया शंभूनाथ झा द्वारा बताया गया कि इस जिला स्तरीय साइकिल रैली में लगभग 200 पदाधिकारी/शिक्षकों/नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवकों/भारत स्काउट एंड गाइड के प्रतिनिधियों/एनएसएस के स्वयं सेवकों तथा आम लोगों द्वारा भाग लिया गया। कल दिनांक 11 सितंबर, 2020 को शेरघाटी अनुमंडल तथा शेरघाटी प्रखंड में साइकिल रैली का आयोजन किया जाएगा। संबंधित क्षेत्र के मतदाताओं से अपील है कि वे साइकिल रैली में अवश्य भाग लें। मंच संचालन जिला जन-संपर्क पदाधिकारी, गया द्वारा किया गया। 

उप विकास आयुक्त, गया श्री सुमन कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए ज़िले के लोगों से अपील किया कि आप लोकतंत्र के हित में मतदान केंद्र पर जाकर आने वाले बिहार विधान सभा आम निर्वाचन, 2020 में मतदान करें और एक आदर्श नागरिक का परिचय दें।

इस अवसर पर नगर आयुक्त, नगर निगम, गया श्री सावन कुमार, अपर समाहर्त्ता, गया श्री मनोज कुमार, निदेशक, डी०आर०डी०ए०, गया श्री संतोष कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी, सदर, गया श्री इंद्रवीर कुमार, वरीय उप समाहर्त्तागण, ज़िला कार्यक्रम पदाधिकारी, स्थापना (शिक्षा) सहित पदाधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित थे।

Leave a Comment

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!