*डीएम ने की बौद्घ महोत्सव तैयारी की बैठक*
Advertisement
गया : जिलाधिकारी अभिषेक सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में बौद्ध महोत्सव की तैयारी की बैठक हुई। बैठक में पर्यटन शाखा के प्रभारी पदाधिकारी वरीय उप समाहर्त्ता शंभू शरण पांडे द्वारा बौद्घ महोत्सव आयोजन हेतु बनायी गयी कार्यकारी समितियों के संबंध में सभी को अवगत कराया गया। उन्होंने बताया कि बौद्ध महोत्सव के आयोजन के लिए कुल 16 समितियां बनाई गयी है सभी समितियों में एक वरीय पदाधिकारी, दो नोडल पदाधिकारी एवं साथ मे सहयोगी पदाधिकारी एवं कर्मी रखे गए हैं। गौरतलब है कि इस वर्ष 16 दिसंबर 2018 से महापावन दलाई लामा का बोधगया में प्रवास निर्धारित है तथा कालचक्र मैदान में 24,25 एवं 26 दिसंबर 2018 को कालचक्र पूजा का आयोजन निर्धारित है। 11, 12 एवं 13 जनवरी 2019 को बौद्घ महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। सभी समितियों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी समितियां अपने अपने आवंटित कार्य के लिए अपने सदस्यों के साथ बैठक कर पूर्व तैयारी कर लें।
उन्होंने कहा कि बौद्ध महोत्सव धार्मिक आयोजन होने के साथ साथ सांस्कृतिक आयोजन भी है। बौद्घ महोत्सव में हमारी संस्कृति की झलक भी मिलती है। इसमें बौद्ध देशों की सांस्कृतिक झलक भी मिलती है। उन्होंने बीटीएमसी के सचिव श्री एन दोरजी को इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति हेतु 10 बौद्ध देशों से संपर्क कर वहां के कलाकारों को बौद्ध महोत्सव में शामिल होने हेतु अनुरोध पत्र भेजने का निर्देश दिया। उन्होंने कालचक्र मैदान में पानी, बिजली, शौचालय,साफ सफाई की पर्याप्त व्यवस्था करने के संबंधित पदाधिकारियों को आदेश दिया। उन्होंने कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पंचायत, बोधगया को साफ सफाई हेतु आउट सोर्सिंग के माध्यम से व्यवस्था करवाने का निदेश दिया। साथी कालचक्र मैदान में हस्तशिल्प एवं लघु उद्योग, कुटीर उद्योग उत्पाद मेला का आयोजन भव्य रूप से करवाने का निदेश जिला ग्रामीण विकास अभिकरण को दिया गया। बैठक में नगर आयुक्त,गया नगर निगम ईश्वर चंद्र सागर, उप विकास आयुक्त किशोरी चौधरी, सहायक समाहर्ता योगेश कुमार सागर, अपर समाहर्त्ता, जिला लोक शिकायत निवारण नरेश झा, निदेशक, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण संतोष कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी सुनील कुमार सहित तमाम पदाधिकारी उपस्थित थे।- *AnjNewsMedia*


