Gaya DM Ki Samiksha

 जनोपयोगी योजनाओं की साप्ताहिक समीक्षा

डीएम ने की हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ 

गया : जिला पदाधिकारी, गया श्री अभिषेक सिंह की अध्यक्षता में विभिन्न जनोपयोगी योजनाओं से संबंधित साप्ताहिक समीक्षा बैठक का आयोजन समाहरणालय सभाकक्ष में किया गया।

                बैठक में मुख्य रूप से एचआरएमएस (ह्यूमन रिसोर्सेज मैनेजमेंट सिस्टम) की समीक्षा, माननीय उच्च न्यायालय से संबंधित एमजेसी/सीडब्लूजेसी, ग्रामीण नल जल योजना, जल जीवन हरियाली, लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम, आरटीपीएस के कार्यों की समीक्षा, हर खेत को पानी, खनन विभाग की समीक्षा, फल्गु नदी पर रबर डैम के निर्माण की प्रगति की समीक्षा, राष्ट्रीय यक्ष्मा कार्यक्रम सहित अन्य महत्वपूर्ण कार्यों के सम्बंध में संबंधित पदाधिकारियों को निदेश दिया गया। 

Advertisement

                बैठक में एचआरएमएस (ह्यूमन रिसोर्सेज मैनेजमेंट सिस्टम) की समीक्षा के क्रम में बताया गया कि शिक्षा विभाग द्वारा अपने कार्यालयों तथा प्रखंड स्तर पर पदस्थापित कर्मियों का एचआरएमएस डाटा एंट्री का कार्य धीरे किया जा रहा है। बैठक में ज़िला शिक्षा पदाधिकारी, डीपीओ स्थापना को निदेश दिया गया कि वे प्रखंड कार्यालयों तथा जिला स्तरीय कार्यालयों में पदस्थापित पदाधिकारियों/कर्मियों का डाटाबेस तैयार कर ज़िला को भेजना सुनिश्चित करेंगे। ससमय एचआरएमएस की एंट्री न करने की स्थिति में सम्बंधित पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण पूछने तथा वेतन बन्द करने का निदेश दिया गया। 

                बैठक में जल जीवन हरियाली अभियान से सम्बंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी द्वारा निदेश दिया गया कि मनरेगा तथा जल जीवन हरियाली के विभिन्न अवयवों के अंतर्गत किये गए पूर्ण कार्यों की जियो टैगिंग तेजी से कराना सुनिश्चित करें। 

                नल जल योजना की समीक्षा करते हुए निदेश दिया गया कि जिला पंचायत राज पदाधिकारी तथा कार्यपालक अभियंता, लोक स्वास्थ्य प्रमंडल द्वारा पंचायतों के वार्डों में नल जल योजना के कार्यों को पूर्ण करने एवं इसकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु दोनों पदाधिकारी संयुक्त रूप से प्रखंड विकास पदाधिकारी के साथ एक दिन बीच करके बैठक करके प्रगति की समीक्षा करेंगे। 

                हर खेत को पानी योजना की प्रगति के संबंध में बताया गया कि अबतक 42 प्रतिशत तकनीकी सर्वे कर लिया गया है। प्रतिदिन औसतन 2 प्रतिशत तकनीकी सर्वे कर लक्ष्य को निर्धारित समय पर प्राप्त किया जा सकता है। अब लक्ष्य की प्राप्ति हेतु मात्र 37 दिन बचे हैं। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा निदेश दिया गया कि जिला पंचायत राज पदाधिकारी, ज़िला कृषि पदाधिकारी तथा कार्यपालक अभियंता, जल संशाधन विभाग द्वारा कार्यो के प्रगति की नियमित रूप से समीक्षा करेंगे ताकि लक्ष्य को निर्धारित समय तक पूरा किया जा सके। उन्होंने यह भी निदेश दिया कि तकनीकी सर्वे में गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाए। 

                बैठक में बताया गया कि कोंच, खिजरसराय तथा टिकारी प्रखंड में काम की धीमी प्रगति है। जिलाधिकारी द्वारा निदेश दिया गया कि तीनों वरीय पदाधिकारी मिलकर धीमी प्रगति वाले प्रखंडों की समीक्षा करते हुए कार्य मे तेजी हेतु सहयोग करेंगे।

                बैठक में खनन पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि इस वर्ष खनन रॉयल्टी का लक्ष्य 35 करोड़ दिया गया है। अबतक 33.05 करोड़ का लक्ष्य प्राप्त कर लिया गया है। खनन पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि कुछ विभाग यथा बाढ़ नियंत्रण, रेलवे, बिहार राज्य पूल निर्माण निगम, बुडको, सिंचाई विभाग द्वारा अबतक खनिज रॉयल्टी जमा नहीं किया गया है। 

                बैठक में फल्गु नदी पर बनाये जा रहे रबर डैम की समीक्षा के क्रम में जल संशाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता द्वारा बताया गया कि पाइपलाइन से संबंधित कार्य हेतु नगर निगम से अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त किया जाना है। ज़िला पदाधिकारी द्वारा निदेश दिया गया कि नगर निगम द्वारा अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त होने में कोई समस्या नहीं होगी, आप कार्य तेजी से करावें। 

                बैठक में जिला पदाधिकारी द्वारा राष्ट्रीय यक्ष्मा (टीबी) उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा के क्रम में जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ पंकज कुमार द्वारा बताया गया कि यक्ष्मा नियंत्रण हेतु जन जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। आज राष्ट्रीय यक्ष्मा उन्मूलन कार्यक्रम के जनजागरूकता तथा प्रचार प्रसार हेतु *हस्ताक्षर अभियान* का शुभारंभ ज़िला पदाधिकारी द्वारा हस्ताक्षर कर किया गया। इस हस्ताक्षर अभियान में – *टीबी हारेगा, देश जितेगा तथा हर बिहारी का सपना, टीबी मुक्त बिहार हो अपना* का स्लोगन दिया गया है। दिनांक-24 मार्च को विश्व यक्ष्मा दिवस के अवसर पर गया ज़िले में यक्ष्मा नियंत्रण तथा टीबी के संबंध में व्यापक जन जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है।

                बैठक में उप विकास आयुक्त श्री सुमन कुमार, अपर समाहर्ता, श्री मनोज कुमार, अपर समाहर्त्ता (लोक शिकायत) श्री नरेश झा, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) श्री संतोष कुमार श्रीवास्तव, निदेशक डीआरडीए, ज़िला पंचायत राज पदाधिकारी, ज़िला नजारत उप समाहर्त्ता, ज़िला शिक्षा पदाधिकारी, ज़िला जन संपर्क पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, लोक स्वास्थ्य प्रमंडल, ज़िला खनन पदाधिकारी, वरीय उप समाहर्तागण, ज़िला कृषि पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

➖AnjNewsMedia

Leave a Comment

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!